नयी दिल्ली , अगस्त 17 -- भारती एयरटेल के स्वामित्व वाले एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने सुश्री शबनम सिन्हा को नया अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है।

एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने सोमवार को बताया कि सुश्री सिन्हा की नियुक्ति 01 अक्टूबर 2026 से तीन साल के लिए की गयी है। यह नियुक्ति बोर्ड द्वारा अनुमोदित किये जाने और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी के बाद प्रभावी होगी। मौजूदा अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल 30 सितंबर से गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और निदेशकमंडल से हटेंगे।

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन श्री मित्तल को अप्रैल 2016 में एयरटेल पेमेंट्स बैंक का गैर-कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में बैंक आगे बढ़कर राजस्व के आधार पर देश का सबसे बड़ा भुगतान बैंक बना और उपभोक्ता तथा एंटरप्राइज दोनों क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति स्थापित की। आज बैंक 12.1 करोड़ से अधिक मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं और करीब तीन करोड़ बैंक खाता ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित