नयी दिल्ली , मई 13 -- देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनी एयरटेल ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 7,245 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया, जो एक साल पहले की समान तिमाही के मुकाबले 38.7 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी के निदेशक मंडल की बुधवार को हुई बैठक के बाद जारी वित्तीय परिणामों के अनुसार, तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 15.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 55,383 करोड़ रुपये हो गया। उसका परिचालन लाभ 16.9 फीसदी बढ़कर 32,038 करोड़ रुपये रहा।

निदेशक मंडल ने पूरी तरह से चुकता इक्विटी शेयर पर प्रति शेयर 24 रुपये के लाभांश की भी घोषणा की। वहीं, 25 प्रतिशत चुकता पूंजी वाले इक्विटी शेयरों पर छह रुपये का लाभांश दिया जायेगा।

पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का कुल राजस्व 22 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,10,973 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान शुद्ध लाभ 53.1 प्रतिशत बढ़कर 26,904 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित