नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- देश के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर एम3एम ग्रुप की सामाजिक दायित्व पहल की प्रमुख डॉ पायल कनोडिया ने इस पहल के तहत बीते सात सालों में किये गये कार्यों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा है कि इससे सैकड़ों गांवों में लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
एम3एम फाउंडेशन की अध्यक्ष और न्यासी ट्रस्टी डॉ. पाायल ने फांउडेशन के सात वर्ष पूरे होने पर गुरुग्राम (हरियाणा) में आयोजित एक समारोह में कहा, " यह देखकर मुझे अपार खुशी और गर्व होता है कि एम3एम फाउंडेशन का परिवार का विस्तार कितनी दूर तक हुआ है। आज हम 21 से अधिक राज्यों, तीन केंद्रशासित प्रदेशों और 1,300 से अधिक गाँवों तक पहुँच चुके हैं। लेकिन इन आँकड़ों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण वे ज़िंदगियाँ हैं, जिन्हें हम प्रभावित कर पाए हैं; वे सपने हैं, जिन्हें संजोने और साकार करने में हमने मदद की है; और वे समुदाय हैं, जिनके साथ मिलकर हम आगे बढ़े हैं। मेरे लिए यह यात्रा केवल हमारी पहुँच के विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी है।"एम3एम फाउंडेशन की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसकी पहल लोगों की सहभागिता के साथ आज 50 लाख लोगों तक पहुंच चुकी है। डॉ. पायल पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष भी हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम में 60 से अधिक कार्यान्वयन साझेदार, देशभर के 100 से अधिक गैर-सरकारी संगठन , सरकारी प्रतिनिधि, सामुदायिक नेता, प्रख्यात खिलाड़ी और लाभार्थी शामिल हुए। 'अभ्युदय' नामक इस समारोह के साथ फाउंडेशन की मंथन नाम से तीन दिवसीय सहयोगात्मक कार्यशाला का समापन किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में स्थापित एम3एम फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, पर्यावरण संरक्षण, कला और खेल के क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित