रायबरेली , सितम्बर 20 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पैथोलॉजी एवं लैब मेडिसिन विभाग की ओर से कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन के मार्गदर्शन में 11 एवं 12 सितम्बर को दो दिवसीय ओंकोपैथोलॉजी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने कैंसर की पहचान, निदान और उपचार प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
एम्स रायबरेली की ओर से डॉ. नीरज कुमारी की अध्यक्षता में पैथोलॉजी एवं लैब मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों तथा टाटा मेमोरियल सेंटर ट्रैवलिंग स्कूल ऑफ ऑनकोपैथोलॉजी (टीटीएसओपी) की ओर से डॉ. सुमीत गुजराल की अध्यक्षता में विशेषज्ञों ने ट्यूमर बोर्ड का आयोजन किया। इसमें विभिन्न जटिल कैंसर मामलों की पैथोलॉजी पर चर्चा की गई।
मुंबई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल से डॉ. सुमीत गुजराल, डॉ. शुभदा काणे, डॉ. प्रवीण महाजन और डॉ. आयुषी सह्य, एसजीपीजीआई लखनऊ से डॉ. पुनीता लाल, डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान से डॉ. सक्षम मल्होत्रा और डॉ. आदित्य एलहेंस, केजीएमयू से डॉ. समीर गुप्ता तथा मैक्स हॉस्पिटल लखनऊ से प्रो. नुज़हथ हुसैन ने कैंसर के निदान एवं उपचार प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
एम्स रायबरेली की ओर से डॉ. दीपक राजपूत, डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. वंदना वर्मा, डॉ. अन्नन्या सोनी, डॉ. बनश्री नाथ, डॉ. अर्जित जोतदार, अमित कुमार गुप्ता, डॉ. अविनाश चंद्र सिंह, डॉ. गोपीनाथ नाइक, डॉ. रौनक मेहरोत्रा और डॉ. राजकुमार कुंडावरम ने ट्यूमर बोर्ड में कैंसर के मामले प्रस्तुत किए। प्रो. पारुल सिंहा, डॉ. कुशल सिंह, डॉ. गौरव त्रिवेदी और डॉ. रूपाली ने भी ट्यूमर बोर्ड में भाग लिया।
संगोष्ठी में पीजीआई चंडीगढ़, एसजीपीजीआई लखनऊ, सर गंगाराम अस्पताल दिल्ली, केजीएमयू लखनऊ और आरएमएल लखनऊ समेत विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों तथा देश के अन्य मेडिकल कॉलेजों से आए पैथोलॉजिस्ट ने अपने संस्थानों से लाए गए जटिल कैंसर मामलों पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा की।
कैंसर रोगों पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में एम्स रायबरेली के पैथोलॉजी विभाग के रेजिडेंट को प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि आईएमएस बीएचयू के रेजिडेंट्स ने द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित