रायबरेली , जून 22 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली में एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग द्वारा समर्पित दर्द चिकित्सा ओपीडी (पेन मेडिसिन ओपीडी) का शुभारंभ किया गया जो कि सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने इसका उद्घाटन किया। यह ओपीडी 23 जून से नियमित रूप से मरीजों के लिए सेवाएं प्रदान करेगी।

एम्स के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि नई ओपीडी के माध्यम से तीव्र एवं दीर्घकालिक दर्द से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ, आधुनिक और समग्र उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। कमर एवं गर्दन दर्द, कैंसर जनित दर्द, नसों से संबंधित दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों के दर्द तथा ऑपरेशन के बाद लंबे समय तक बने रहने वाले दर्द के मरीजों को यहां विशेष परामर्श और उपचार मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में डीन परीक्षा डॉ. प्रगति गर्ग, डीन अनुसंधान डॉ. अर्चना वर्मा, उप निदेशक प्रशासन कर्नल अखिलेश सिंह, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुमार धर्मेन्द्र सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. जमील अब्दुल अलीम, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गिरीश कुमार सिंह सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एम्स में इस ओपीडी के तहत अल्ट्रासाउंड एवं सी-आर्म निर्देशित दर्द निवारक प्रक्रियाएं, रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (आरएफए), मिनिमली इनवेसिव पेन एंड स्पाइन इंटरवेंशन्स, पीआरपी, जीएफसी और बीएमएसी जैसी पुनर्योजी चिकित्सा तकनीकों सहित आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा पेलिएटिव केयर, पोस्ट-सर्जिकल एवं पोस्ट-ट्रॉमेटिक दर्द प्रबंधन की सेवाएं भी दी जाएंगी।

कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने कहा कि समर्पित दर्द चिकित्सा सेवाओं की स्थापना से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ उपचार मिलेगा तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं दर्द चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि दीर्घकालिक दर्द को अब एक स्वतंत्र रोग के रूप में मान्यता प्राप्त है और इसके लिए विशेष मूल्यांकन एवं उपचार की आवश्यकता होती है।

एम्स प्रशासन के अनुसार दर्द चिकित्सा ओपीडी सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। मंगलवार और शुक्रवार को डॉ. गिरीश कुमार सिंह तथा डॉ. अनिल कुमार मरीजों को परामर्श देंगे, जबकि बुधवार को डॉ. जमील अब्दुल अलीम और डॉ. अदाबला विजय बाबू सेवाएं प्रदान करेंगे।

संस्थान का मानना है कि इस सुविधा से रायबरेली सहित आसपास के जिलों के मरीजों को आधुनिक और प्रभावी दर्द प्रबंधन सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें बेहतर उपचार और राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित