रायबरेली , जुलाई 30 -- मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली और सेवादान आरोग्य संस्था के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. अमिता जैन की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

एमओयू के तहत सेवादान आरोग्य संस्था द्वारा एम्स रायबरेली परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए एक विश्राम गृह (नाइट शेल्टर) का निर्माण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य दूर-दराज़ से उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है, ताकि उपचार अवधि के दौरान उन्हें ठहरने में सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम में एम्स रायबरेली की ओर से उपनिदेशक कर्नल अखिलेश सिंह तथा सेवादान आरोग्य संस्था की ओर से अमित दास ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए और समझौता पत्र का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर एम्स के वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय, अधीक्षण अभियंता इंजीनियर हरीश यादव सहित संस्थान के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा सेवादान आरोग्य संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. अमिता जैन ने कहा कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए सम्मानजनक आवास की व्यवस्था करना मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण आयाम है और यह पहल उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है। दोनों संस्थाओं ने मरीजों एवं उनके परिजनों के हित में मिलकर कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील, सुलभ और जनकेंद्रित बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एम्स प्रशासन के अनुसार, सेवादान आरोग्य संस्था द्वारा निर्मित होने वाला यह विश्राम गृह भविष्य में एम्स रायबरेली आने वाले हजारों मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा उपचार के दौरान सुरक्षित एवं सुविधाजनक ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित