कोलकाता , अगस्त 22 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता एवं वाम मोर्चा अध्यक्ष बिमान बसु को नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पेसमेकर लगाया गया है।
श्री बसु हृदय रोग की शिकायत के बाद पिछले तीन दिनों से इस अस्पताल में भर्ती हैं।
माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने बताया कि पेसमेकर लगाये जाने के बाद वरिष्ठ नेता की सेहत में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा, "डॉक्टरों ने हमें बताया है कि वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।"उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने फिलहाल पार्टी नेताओं और अन्य लोगों को श्री बसु से मिलने से मना किया है। उनके अभी कुछ और दिन अस्पताल में रहने की उम्मीद है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी कोलकाता लौटने से पहले नियमित जांच के लिए उनका कुछ समय दिल्ली में ही रुकने का कार्यक्रम है।
इस बीच कोलकाता में पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य को उम्र संबंधी कमजोरी और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अलीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें हाई-डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में रखकर इलाज दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित