ऋषिकेश , मई 21 -- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गुरुवार को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एक शोक सभा आयोजित की गई। जिसमें उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
एम्स के अधिकारी और कर्मचारियों ने उनका भावपूर्ण स्मरण कर उनकी ईमानदारी और अनुशासित जीवन को अनुकरणीय बताया गया। साथ ही, दो मिनट का मौन रख, उनकी आत्म शान्ति की प्रार्थना की गई।
एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत खंडूरी एक अनुशासित और ईमानदार राजनेता रहे हैं। उन्होंने न केवल राज्य के विकास में अपितु देश के विकास में भी प्रमुख योगदान दिया है। उन्होंने श्री खंडूरी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि एम्स ऋषिकेश की स्थापना से लेकर इसके विकास में भी उनका योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता थे। उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
गौरतलब है कि श्री खंडूरी ने मंगलवार को लम्बी बीमारी के बाद देहरादून के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित