श्रीगंगानगर , जनवरी 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में नयी मंडी घड़साना में एक महिला को एम्बुलेंस में सफल प्रसव हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जट्टूसिंह की पत्नी लक्ष्मीकौर को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार देर रात नयी मंडी घड़साना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला के रक्त में प्लेटलेट्स कम होना बताकर उसे तुरंत श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल भिजवा दिया।
सूत्रों ने बताया कि परिजन सहित महिला को 108 एम्बुलेंस सेवा से रवाना किया गया, लेकिन घड़साना से कुछ ही दूरी पर लक्ष्मी कौर की प्रसव वेदना तेज हो गयी। इस आपात स्थिति में एम्बुलेंस के नर्सिंग ऑफिसर सोहन सिंह और पायलट मदन सिंह ने बड़ी सूझबूझ दिखाई। उन्होंने परिवार के सदस्यों की मदद से एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया, जिसके परिणामस्वरूप लक्ष्मी कौर ने एक स्वस्थ कन्या को जन्म दिया।
प्रसव के बाद प्रसूता और नवजात शिशु को आगे रायसिंह नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों स्वस्थ बताये जा रहे हैं। एम्बुलेंस स्टाफ की तत्परता और कुशलता की सराहना की जा रही है, लेकिन घड़साना सीएचसी के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने थोड़ी अधिक सावधानी और अपनी विशेषज्ञता का उपयोग किया होता, तो यह प्रसव वहीं पर संस्थागत रूप से हो सकता था। इससे महिला और उसके परिवार को अनावश्यक परेशानी, यात्रा का जोखिम और मानसिक तनाव से नहीं गुजरना पड़ता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित