तिरुवनंतपुरम , फरवरी 25 -- मलाबार कैंसर सेंटर (एमसीसी) ने कैंसर उपचार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अग्रणी उपयोग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। संस्थान को इंडिया एआई समिट 2026 में देश के शीर्ष 10 संस्थानों में स्थान मिला है।
यह उपलब्धि इंडिया एआई नेशनल कैंसर ग्रिड (एनसीजी) कोच्चि सेंटर फॉर डिजिटल ऑन्कोलॉजी (केसीडीओ) कैच ग्रांट 2026 के तहत मिली है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में परिवर्तनकारी एआई परियोजनाओं को मान्यता देता है।
पुरस्कार विजेता पहल एमसीसी के इनक्यूबेशन हब मलाबार कैंसर सेंटर इनक्यूबेशन इनोवेशन नेस्ट (एमआईआईएनटी) और स्टार्टअप वेलिटिक्स के संयुक्त सहयोग से विकसित की गयी है, जिसका शीर्षक है, "एआई ऑन्कोलॉजी एजेंट फॉर एविडेंस-बेस्ड समरीज, गाइडलाइन सपोर्ट एंड क्लिनिकल ट्रायल मैचिंग।"यह एआई टूल मरीजों के उपचार डेटा का तेजी से विश्लेषण कर चिकित्सकों को सटीक और प्रमाण-आधारित नैदानिक निर्णय लेने में सहायता करता है। एमसीसी समर्थित एक अन्य परियोजना "एआई टूल्स फॉर एडवांसिंग वैल्यू-बेस्ड केयर इन ऑन्कोलॉजी", को भी राष्ट्रीय पहचान मिली है और यह देश की शीर्ष 35 पहलों में शामिल रही। इसे डॉक्टर असिस्ट एआई के सहयोग से विकसित किया गया है।
यह परियोजना कुशल तरीके से उच्च गुणवत्ता वाले उपचार परिणाम सुनिश्चित करने और वैल्यू-बेस्ड केयर को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। साल 2025 में स्थापित एमआईआईएनटी मेडटेक स्टार्टअप्स के लिए एक संरचित इनक्यूबेशन वातावरण प्रदान करता है, जो नवोन्मेषी विचारों को व्यावहारिक क्लिनिकल अनुप्रयोगों से जोड़ता है। यह केन्द्र मेंटरशिप, क्लिनिकल वैलिडेशन और रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करता है तथा वर्तमान में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सात सफल उपक्रमों का मार्गदर्शन कर रहा है।
यह अनुदान औपचारिक रूप से एमसीसी निदेशक डॉ. सतीश बी. और वेलिटिक्स निदेशक डॉ. धीरज बी. को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बाल और आईटी सचिव श्री कृष्णन द्वारा नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रदान की गयी। समारोह में एमसीसी के फैकल्टी मेंटर डॉ. दीपक रोशन, डॉ. प्रवीण कुमार शेनॉय वी.पी. और डॉ. गीता एम. भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने एआई आधारित चिकित्सा समाधानों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एमसीसी टीम की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित