मनेंद्रगढ़ , जून 11 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। जहां मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर के अस्पताल में शुरू की गई अटल आरोग्य लैब ने संचालन के पहले 10 दिनों में ही चार हजार से अधिक जांचें कर क्षेत्र में अपनी उपयोगिता साबित की है, वहीं भौता क्षेत्र में 10 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लगभग 13.5 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का भूमिपूजन भी किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ अस्पताल में स्थापित अटल आरोग्य लैब में वर्तमान में 136 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए निजी संस्थानों अथवा दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बैकुंठपुर के बाद मनेंद्रगढ़ में दूसरी अटल आरोग्य लैब शुरू की गई थी और अब इस योजना का विस्तार अन्य जिलों में भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत जल्द ही चिरमिरी जिला अस्पताल में भी अटल आरोग्य लैब की स्थापना की जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को और अधिक सुलभ तथा गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लैब में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज जांच करा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. स्वप्निल तिवारी के मार्गदर्शन में आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित तकनीशियनों की मदद से सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।

इस बीच, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भौता क्षेत्र में लगभग 13.5 किलोमीटर लंबी डामरीकृत सड़क निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना पर करीब 10.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 1994 से क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।

श्री जायसवाल ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत मुख्य मार्ग से बड़का पारा तथा मेन रोड से नारायणपुर बोदरा पारा तक सड़क निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क का एक बड़ा हिस्सा लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे विशेषकर बरसात के दौरान आवागमन प्रभावित होता था। सड़क निर्माण से भौता, नारायणपुर सहित मध्यप्रदेश सीमा से लगे गांवों तथा मरवाही, कोड़ा, नेवरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शैक्षणिक संस्थानों तक आने-जाने तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि भौता क्षेत्र से जुड़ी सात ग्राम पंचायतों में पिछले ढाई वर्षों के दौरान लगभग 100 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत या पूर्ण किए जा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नई सड़क परियोजना से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित