एमसीबी , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम च्यूल में कुएं से सुरक्षित निकाले गए एक जंगली भालू ने शनिवार को रिहायशी क्षेत्र में घुसकर तीन लोगों पर हमला कर दिया। घटना में 14 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं।
वन विभाग से रविवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार ग्राम च्यूल निवासी राकेश के घर स्थित कुएं में एक जंगली भालू गिर गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने कुएं में सीढ़ी डालकर भालू को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद बाहर निकलते ही भालू अनियंत्रित हो गया और गांव की ओर दौड़ पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद थे और कुछ लोग मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना रहे थे। भालू ने पहले दीवार पार कर जंगल की ओर लौटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर वह आबादी वाले हिस्से में पहुंच गया। इस दौरान उसने एक मकान का दरवाजा धक्का देकर भीतर घुसने की कोशिश की और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित