गोरखपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में संचालित श्री गोरखनाथ मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के बायोकेमिस्ट्री विभाग द्वारा शनिवार को एक विशेष शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें एमबीबीएस छात्रों ने नवाचारी शिक्षण विधियों के माध्यम से विज्ञान की प्रभावी प्रस्तुति दी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पोस्टर, मॉडल और रंगोली के जरिए बायोकेमिस्ट्री के जटिल सिद्धांतों को सरल और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना था।

विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां पारंपरिक रटने की पद्धति को तोड़ती हैं और भविष्य के चिकित्सकों में नवाचार व विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करती हैं।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पोस्टर, मॉडल एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं की घोषणा डॉ. अनुपमा ओझा, डॉ. ओंकार तिवारी एवं डॉ. रश्मि जैसवाल ने की। यह पहल एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों में रचनात्मक वैज्ञानिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित