हल्द्वानी , सितंबर 29 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी एमबीपीजी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एमबीपीजी कॉलेज में अंतिम दौर का चुनाव चल रहा था। इस दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। जिससे राधे गुप्ता नामक छात्र घायल हो गया।
पुलिस तत्काल हरकत में आयी और मारपीट, दबंगई और अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई। हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह ने वीडियो फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की।
इसके बाद धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हल्द्वानी के राजपुरा निवासी अनिकेत चरण एवं तिकोनिया कैनाल रोड, थाना हल्द्वानी, नैनीताल के दीपक बोरा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों युवक सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत के समर्थक हैं। आरोप है कि दिन के समय दोनों ने सचिव पद के दूसरे प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट की थी। पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई में जुट गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित