वाराणसी , जुलाई 5 -- एमपी लीड फ़ेलोशिप (मेंबर ऑफ़ पार्लियामेंट लेजिस्लेटिव एक्सपोज़र एंड एडमिनिस्ट्रेटिव डेवलपमेंट) के फ़ेलो ने रविवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का दौरा कर विश्वविद्यालय की संस्थागत एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह की देखरेख में आयोजित इस दौरे के दौरान फ़ेलो ने छात्र अधिष्ठाता कार्यालय, सरदार वल्लभभाई पटेल हॉस्टल, सयाजीराव गायकवाड़ केंद्रीय ग्रंथालय, श्री विश्वनाथ मंदिर (बीएचयू) तथा भारत कला भवन का भ्रमण किया।
सरदार वल्लभभाई पटेल हॉस्टल में फ़ेलो ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत आंवले का पौधा रोपित किया। यह पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण एवं सतत परिसर संस्कृति के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
दौरे के दौरान नित्यानंद तिवारी, संजीव रंजन, डॉ. धीरेंद्र राय, डॉ. शैलेंद्र, डॉ. निशांत तथा डॉ. सुचित्रा सिंह ने फ़ेलो का मार्गदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की छात्र सहायता व्यवस्था, शैक्षणिक वातावरण, विरासत स्थलों तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
एमपी लीड फ़ेलोशिप का उद्देश्य भावी जनप्रतिनिधियों एवं नीति-निर्माताओं को प्रशासनिक एवं संस्थागत कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। दौरे के अंत में फ़ेलो ने बीएचयू के शैक्षणिक परिवेश, समृद्ध विरासत एवं छात्र-केंद्रित पहलों की सराहना करते हुए भविष्य में पुनः विश्वविद्यालय आने की इच्छा व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित