भोपाल , जुलाई 13 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सोमवार को भोपाल में 'एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव-3.0' का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश और 35 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने दुनिया में सबसे तेज गति से विकास करने वाले देशों में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान अब केवल कृषि राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां ड्रोन से लेकर मिसाइल तक का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव के दौरान 51 प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, अनुसंधान तथा नवाचार आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न निवेश प्रस्तावों और समझौतों पर कार्य किया जाएगा।

डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2025 में स्पेन के बार्सिलोना दौरे के दौरान एक गीगावाट क्षमता वाले एआई डेटा सेंटर के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया था। इसके बाद स्पेन, अमेरिका और कनाडा की कंपनियों ने मध्यप्रदेश में 228 करोड़ रुपये का निवेश किया है। उन्होंने बताया कि संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि अब भोपाल पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इंदौर के सुपर कॉरिडोर में नया आईटी पार्क विकसित किया जाएगा, जहां विश्वस्तरीय कंपनियों को 'प्लग एंड प्ले' सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा भोपाल आईटी पार्क का विस्तार किया जाएगा तथा कोलार रोड क्षेत्र में भी नया आईटी पार्क स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, अनुसंधान और उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के युवाओं के लिए आईटी और तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश की अनेक प्रौद्योगिकी कंपनियों, निवेशकों, नीति विशेषज्ञों तथा शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रणनीतिक साझेदारियों और समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित