मुंबई , सितंबर 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विक्रम पचपुते ने मंगलवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के उम्मीदवारों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है और दावा किया कि छात्रों का इस्तेमाल राजनीतिक मकसद के लिए किया जा रहा है।

भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री पचपुते ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हमेशा छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए तैयार रहे हैं और उन्होंने राजनीतिक दलों से छात्रों का इस्तेमाल राजनीतिक मकसद के लिए न करने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्रों ने आंदोलन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी, तो कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों से समर्थन जुटाने की कोशिश की गयी।

श्री पचपुते ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी एमपीएससी परीक्षाएं स्थगित कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने इस फैसले पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और इस कदम के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

उन्होंने छात्रों से राजनीतिक मुद्दों में न पड़ने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर भर्ती किए जाने की उम्मीद है, जबकि वी. राधा समिति छात्रों की चिंताओं और सुझावों को समझने के लिए मुंबई में उनसे बातचीत कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित