रोहतक , मई 13 -- हरियाणा की महर्षि दयानन्द यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर आयोजित प्रवेश समिति की बैठक में छात्रों को सुविधाजनक, पारदर्शी और तकनीक आधारित दाखिला प्रक्रिया देने पर जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता बुधवार को कुलगुरु मिलाप पुनिया ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश से जुड़ी सभी सूचनाएं समय-समय पर वेबसाइट और अन्य माध्यमों से जारी करने का भी फैसला लिया।

कुलगुरु प्रो. पूनिया ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के प्रावधानों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया और पाठ्यक्रमों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए।

बैठक में विभिन्न विभागों की सीटों, मेरिट प्रक्रिया और प्रवेश नियमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित