अजमेर , जून 03 -- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना को केंद्र में रखते हुए राजस्थान में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) अजमेर के यूजीसी मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) तथा एमिटी यूनिवर्सिटी राजस्थान जयपुर के मध्य बुधवार को यहां एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया गया।

एमडीएसयू के अनुसार यह समझौता शिक्षकों, शोधार्थियों, शैक्षणिक प्रशासकों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए नये अवसरों के द्वार खोलेगा और यह साझेदारी केवल दो प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच सहयोग का औपचारिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि भारतीय उच्च शिक्षा को अधिक नवोन्मेषी, समावेशी, प्रौद्योगिकी-सक्षम और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, रिफ्रेशर कोर्स, ओरिएंटेशन प्रोग्राम, शॉर्ट-टर्म कोर्स, इंडक्शन प्रोग्राम तथा विविध कार्यशालाओं का आयोजन करेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर के शिक्षकों और शैक्षणिक प्रशासकों को नवीनतम शैक्षणिक प्रवृत्तियों, डिजिटल शिक्षण तकनीकों तथा नेतृत्व कौशल से परिचित कराया जाएगा।

इस साझेदारी का एक प्रमुख उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की प्रभावी समझ और क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उच्च शिक्षा संस्थानों में बहुविषयक शिक्षा, लचीले पाठ्यक्रम, परिणाम-आधारित शिक्षण तथा छात्र-केंद्रित अधिगम जैसे सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने के लिए संयुक्त प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे।

समझौते के तहत विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं और महाविद्यालयों के प्राचार्यों, विभागाध्यक्षों तथा अन्य शैक्षणिक प्रशासकों के लिए नेतृत्व, सुशासन, संस्थागत प्रबंधन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित