चंडीगढ़ , अक्टूबर 16 -- चंडीगढ़ प्रशासन के 140 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का आपदा तैयारी एवं प्रतिक्रिया विषय पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एमजीएसआईपीए) में संपन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण चंडीगढ़ आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (सीडीएमए) ने पंजाब सरकार के एमजीएसआईपीए के सहयोग से आयोजित किया। प्रशिक्षण दो बैचों में हुआ। पहला बैच पांच से नौ अक्टूबर और दूसरा 12 से 16 अक्टूबर तक चला। इसका उद्देश्य स्वयंसेवकों के ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ाना था, ताकि वे आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी सहायता प्रदान कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को खोज एवं बचाव, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक कौशल, भीड़ प्रबंधन, आपदा जोखिमों और आपातकालीन समन्वय की जानकारी दी गयी। कक्षा सत्रों के साथ व्यावहारिक प्रदर्शन और अभ्यास भी करवाए गए।
समापन सत्र में सीडीएमए के संजीव कोहली और एमजीएसआईपीए के आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रमुख कर्नल अतुल पांडे ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने नियमित अभ्यास करने और समुदाय में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
दूसरे बैच का समन्वय श्रुति अग्रवाल ने किया। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से सामुदायिक स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारी मजबूत होगी और आपात स्थितियों में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अधिक प्रभावी बनेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित