वाराणसी , सितंबर 22 -- जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक हुई, जिसमें औद्योगिक विकास और निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद में निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए अब तक 202 एमओयू के माध्यम से 24,190.03 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावित हैं। इनमें 101 परियोजनाएं पूरी तरह से ऑपरेशनल हो चुकी हैं और 5,284.65 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है।

श्री कुमार ने निवेशकों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीडीए, अग्निशमन, राजस्व समेत अन्य विभागों को निवेशकों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने को कहा।

औद्योगिक आस्थान चांदपुर में विद्युत बिल भुगतान, सड़क पर खड़े ट्रकों को हटाने और अवैध ठेले-खोमचे हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त तथा पोस्ट ऑफिस के जर्जर भवन को खाली कराने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा औद्योगिक इकाइयों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, अनुदानों और प्रोत्साहन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित