भोपाल , मई 14 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र पटवारी ने केंद्र सरकार द्वारा खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि के निर्णय का स्वागत करते हुए किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की मांग की है।
श्री पटवारी ने कहा कि किसानों की भावनाओं को समझने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद, लेकिन केवल एमएसपी की घोषणा कर देना किसानों के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश और मध्यप्रदेश के किसानों को आज भी उनकी उपज का वास्तविक समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश के किसानों को बताना चाहिए कि राज्य में कौन-सी फसल वास्तव में एमएसपी पर खरीदी जा रही है।
श्री पटवारी ने कहा कि जमीनी स्थिति यह है कि दलहन, तिलहन, मोटा अनाज और सरसों सहित अधिकांश खरीफ फसलें एमएसपी से नीचे बिक रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि मूंग किसानों को एमएसपी का लाभ क्यों नहीं मिल रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आर्थिक दबाव और कर्ज के कारण कम दामों पर उपज बेचने को मजबूर हैं, जबकि व्यापारी उनकी मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि एमएसपी से नीचे खरीद करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाए।
श्री पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार को केवल 'मोदी गारंटी' का प्रचार नहीं करना चाहिए, बल्कि किसानों को वास्तविक सुरक्षा और न्याय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एमएसपी केवल घोषणा नहीं, बल्कि किसानों का कानूनी अधिकार बनना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित