उज्जैन , फरवरी 7 -- भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने केंद्र सरकार से पूरे देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) गारंटी कानून लागू करने की मांग की है, ताकि कोई भी किसान अपनी फसल एमएसपी से कम दाम पर बेचने को मजबूर न हो।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर हैं। प्रवास के दौरान वे किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। प्रवास की शुरुआत में टिकैत विश्वप्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर देश में सुख-शांति और समय पर वर्षा की कामना की।
चौधरी टिकैत ने मध्यप्रदेश की सोयाबीन फसल का उदाहरण देते हुए कहा कि लगभग 12-13 वर्ष पहले जो भाव थे, वही आज भी बने हुए हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्च में फसल कटाई और अप्रैल में सरकारी खरीदी शुरू होने के बीच के अंतराल में किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हो जाते हैं। यदि एमएसपी की कानूनी गारंटी होगी तो किसानों को इस स्थिति से राहत मिलेगी।
लोकसभा को लेकर टिप्पणी करते हुए टिकैत ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री को अपनी जान का खतरा लगता है तो फिर वे ऐसी कुर्सी पर क्यों बैठे हैं, जहां बड़ी जिम्मेदारी निभाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित