हमीरपुर , अक्टूबर 29 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए हुए चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग ) की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि चुनाव नतीजों ने विपक्ष के एजेंडे को उजागर कर दिया है। कांग्रेस मतपत्र पर हुए चुनाव में हार गयी है।

श्री ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि मतपत्रों के माध्यम से कराए गये इन चुनावों ने कांग्रेस और व्यापक विपक्ष की ओर से फैलाये जा रहे 'वोट चोरी' के प्रचार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि कांग्रेस ने जनता का विश्वास और अपना जनाधार, दोनों खो दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भय, भ्रम, झूठ और अराजकता की राजनीति में उलझकर रह गयी है। संवैधानिक संस्थाओं, आधिकारिक पदों और स्थापित व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर कांग्रेस अपनी लगातार चुनावी हार को छिपाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि निराधार आरोप लगाकर जनादेश का अपमान करना कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति की पहचान बन गया है। कभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) पर सवाल उठाये जाते हैं, तो कभी चुनाव आयोग या स्वयं चुनाव आयुक्तों को निशाना बनाया जाता है।

श्री ठाकुर ने कहा कि चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के चुनाव में राजग की जीत और कांग्रेस की हार ने विपक्ष के दावों की खोखली सच्चाई उजागर कर दी है। मतपत्रों से हुए चुनावों में भी कांग्रेस की करारी हार उसके 'वोट चोरी' के आरोपों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ है।

श्री ठाकुर ने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश में हाल ही में संपन्न पंचायत राज और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है। इन परिणामों से संकेत मिलता है कि राज्य की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली से निराश है तथा बदलाव चाहती है। इन चुनावों में भी मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया था, इसके बावजूद कांग्रेस जनता का समर्थन हासिल करने में विफल रही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि मतदान की प्रक्रिया में ईवीएम का इस्तेमाल हो या मतपत्रों का, जनादेश का सम्मान करना लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित