श्रीगंगानगर , मई 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में भारतीय सेना की मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज (एमईएस) के मुख्यालय में एक युवक द्वारा फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर नौकरी पाने के प्रयास का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी पाये जाने पर युवक वहां से भाग निकला। इस मामले में जवाहरनगर थाना पुलिस ने फरार युवक चेरीज कालरा के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार को सुबह चेरीज कालरा एमईएस मुख्यालय पहुंचा। उसने खुद को लिपिक पद पर नियुक्त बताते हुए इंजीनियरिंग इन चीफ शाखा, सैन्य अभियंता सेवा महानिदेशक (कार्मिक) कश्मीर हाउस, राजाजी मार्ग, जयपुर द्वारा जारी किये गये नियुक्ति पत्र की फोटो कॉपी सौंपी। जब उन्होंने नियुक्ति पत्र की सावधानीपूर्वक जांच की तो यह एमईएस के नियमों के अनुसार पूरी तरह फर्जी पाया गया।

पूछताछ करने पर चेरीज कालरा ने बताया कि उसके एक रिश्तेदार ने मोबाइल फोन पर यह नियुक्ति पत्र भेजा था और उसी के आधार पर वह ड्यूटी जॉइन करने आया है। पूछताछ के दौरान जब और अधिक सवाल किये गये तो वह फर्जी नियुक्ति पत्र वहीं छोड़कर चुपचाप परिसर से फरार हो गया। पलिस उसकी तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित