नयी दिल्ली , सितम्बर 13 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एबीवीपी) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए रविवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया।
इस वर्ष एबीवीपी का घोषणापत्र 'अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास, प-परिणाम' के चार व्यापक आधारों पर केंद्रित है। इसमें सुरक्षित एवं सुलभ विद्यार्थी आवास, महिला सुरक्षा, विश्वविद्यालय की निर्णय प्रक्रिया में विद्यार्थियों की प्रभावी भागीदारी, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था तथा रोजगार के अवसरों को प्रमुखता दी गयी है।
एबीवीपी ने इस वर्ष डूसू चुनाव में अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर ईशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह को उम्मीदवार बनाया है। एबीवीपी के पूरे पैनल का मतदान क्रमांक 7-3-3-3 है।
घोषणापत्र जारी होने के मौके पर श्री डबास ने कहा, "घोषणापत्र का ए-आवास, बी-भागीदारी, वि-विश्वास और पी -परिणाम विद्यार्थियों की रोजमर्रा की जरूरतों और उनकी आकांक्षाओं से जुड़े हमारे काम की दिशा को स्पष्ट करता है। जहाँ एक ओर बाकी संगठन आपसी मतभेदों और आंतरिक खींचतान में उलझे हुए हैं, वहीं एबीवीपी के प्रत्याशी एकजुट होकर विद्यार्थियों के मुद्दों को लेकर उनके बीच पहुंच रहे हैं।"उन्होंने कहा, "सुरक्षित आवास से लेकर महिला सुरक्षा, विश्वविद्यालय की निर्णय प्रक्रिया में विद्यार्थियों की भागीदारी, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और रोजगार के अवसरों तक हमारा प्रयास हर उस विषय पर काम करने का है जो विद्यार्थी के वर्तमान और भविष्य से जुड़ा है।" उन्होंने कहा कि सत्य निकेतन हादसे के बाद सुरक्षित विद्यार्थी आवास के लिए एबीवीपी ने लगातार आवाज उठाई है और आगे भी इस दिशा में मजबूती से काम करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित