नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- भारत में मोटरस्पोर्ट प्रतिभाओं की खोज के उद्देश्य से आयोजित एफ-1 सिम रेसिंग इंडिया ओपन-2026 के दिल्ली चरण के टाइम ट्रायल गुरुवार से भारत मंडपम में शुरू हो गये। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिभागी पेशेवर स्तर के सिम्युलेटर पर अपनी रेसिंग क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में कुल दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गयी है, जबकि विजेता को मुंबई फाल्कन्स रेसिंग लिमिटेड (एमएफआरएल) के 'वन इन ए बिलियन हंट- अगला स्टार' कार्यक्रम में प्रवेश मिलेगा, जिसके तहत तीन करोड़ रुपये के ड्राइवर डेवलपमेंट फंड का लाभ दिया जाएगा।

एमएफआरएल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 30 जुलाई से एक अगस्त तक चलने वाले दिल्ली टाइम ट्रायल भारत में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतिभा खोज अभियान का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को पेशेवर मोटरस्पोर्ट से जोड़ना और भविष्य के भारतीय फॉर्मूला-1 चालक की तलाश करना है। यह पहली बार है जब इस तरह का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अमीत गढोके ने कहा कि यदि भारत को फॉर्मूला-1 जैसे वैश्विक मंच पर सफलता हासिल करनी है तो जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को पेशेवर एफ-1 सिम्युलेटर पर अपनी क्षमता परखने का अवसर प्रदान करती है और सफल प्रतिभागियों के लिए पेशेवर कार्टिंग तक पहुंचने का मार्ग खोलती है।

प्रतियोगिता की ब्रांड एंबेसडर और भारतीय महिला क्रिकेटर जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा कि खेल नई पीढ़ी के लिए अवसरों के द्वार खोलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल विशेष रूप से युवा लड़कियों को मोटरस्पोर्ट में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित