चंडीगढ़ , सितंबर 29 -- अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार को अपने 'दस सबसे वांछित भगोड़ों' की सूची में शामिल किया है और इसके साथ ही पंजाब में जन्मे इस भगोड़े की तलाश में बहुराष्ट्रीय स्तर पर अभियान तेज हो गया है।
एफबीआई ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जानकारी देने पर 10 लाख डॉलर (लगभग 8.3 करोड़ रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है।
अमेरिकी एजेंसी ने बताया कि 32 वर्षीय बरार वर्ष 1950 में एफबीआई की 'दस सबसे वांछितों' की सूची की शुरुआत के बाद से इसमें शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है। वह संगठित अपराध की साजिश, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में बाधा डालने की साजिश और प्रयास तथा प्रतिबंधित पदार्थों (नशीले पदार्थों) की तस्करी की साजिश जैसे संघीय आरोपों में वांछित है।
एफबीआई के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा, "सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी ब्रार एक खतरनाक व्यक्ति है और एफबीआई तथा हमारे सहयोगियों ने उसे पकड़ना अपनी प्राथमिकता में रखा है।"श्री ग्रैंडी ने बताया कि एफबीआई बरार की गिरफ्तारी के लिए 10 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है और 'दस सबसे वांछितों' की सूची में शामिल होने से मिलने वाले प्रचार के कारण उसकी तस्वीर और विवरण दुनिया भर के लोगों के सामने पहुँचेगा।
एफबीआई के अनुसार बरार अमेरिका में मौजूद है और उसे "अत्यधिक हिंसक, सशस्त्र और खतरनाक" माना जाता है। उसे लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिकी प्रमुख भी माना जाता है। अमेरिकी अभियोजकों ने इस गिरोह पर पूरे अमेरिका और कनाडा में लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली तथा नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया है।
अमेरिकी अभियोजकों ने बरार और भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर 18 जून, 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक प्रमुख सिख राजनीतिक और धार्मिक हस्ती की हत्या का आदेश देने का भी आरोप लगाया है, जिनकी पहचान अमेरिकी अदालती दस्तावेजों में "एच.एस.एन." के रूप में की गई है।
आरोप-पत्र में दी गयी इनिशियल्स और परिस्थितियां हरदीप सिंह निज्जर से मेल खाती हैं, जिनकी उसी तारीख को सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी , हालांकि ये केवल आरोप हैं और अभी अदालत में सिद्ध नहीं हुए हैं।
बरार के खिलाफ ये आरोप 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' का हिस्सा हैं, जो भारत आधारित सीमा-पार संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ अमेरिका की वर्षों पुरानी संघीय जांच प्रक्रिया है। जुलाई में अमेरिकी अधिकारियों ने ऐसे तीन समूहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपों की घोषणा की थी, जिनमें से 24 आरोपी उस समय गिरफ्तार या पहले से ही हिरासत में थे।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, बरार और बिश्नोई गिरोह के अन्य कथित सरगनाओं ने भारतीय समुदाय के सदस्यों सहित पीड़ितों से रंगदारी वसूलने के लिए हिंसा और धमकियों का सहारा लिया।
अभियोजकों का यह भी आरोप है कि यह संगठन अंतर्राष्ट्रीय नशीले पदार्थों की तस्करी और प्रतिद्वंद्वी गिरोहों से ड्रग्स की खेप छीनकर अपनी गतिविधियों का वित्तपोषण करता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित