मुंबई , अप्रैल 19 -- विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने अप्रैल में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से कुल 58,403 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।
शुद्ध निकासी, बाजार में लगायी गयी पूंजी और निकाली गयी पूंजी का अंतर होता है।
यह लगातार दूसरा महीना है जब एफपीआई बाजार में बिकवाल दिख रहे हैं। इससे पहले मार्च में उन्होंने रिकॉर्ड 1,26,991 करोड़ रुपये की निकासी की थी।
केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा (सीडीएसएल) के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने अप्रैल में अब तक इक्विटी में 43,419 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है। डेट और हाइब्रिड उपकरणों में भी उनका निवेश नकारात्मक रहा है, लेकिन म्यूचुअल फंड में उन्होंने शुद्ध रूप से पैसा लगाया है।
डेट में उन्होंने 15,320 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है। हाइब्रिड उपकरणों से भी उन्होंने 13.5 करोड़ रुपये निकाले हैं।
म्यूचुअल फंड में अप्रैल में एफपीआई का शु्द्ध निवेश 350 करोड़ रुपये रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित