मुंबई , जनवरी 28 -- यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार संधि की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और प्रमुख सूचकांक एक सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 487.20 अंक (0.60 प्रतिशत) चढ़कर 82,344.68 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 167.35 अंक यानी 0.66 फीसदी की बढ़त में 25,342.75 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का 19 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.65 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.26 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
तेल एवं गैस, धातु, रसायन, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, रियलटी, मीडिया, ऑटो और आईटी सेक्टरों के सूचकांक बढ़त में रहे। एफएमसीजी, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक फिसल गये।
एनएसई में जिन 3,282 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,451 के शेयर हरे निशान में और 739 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 92 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 के शेयरों में बढ़त रही। बीईएल में 8.90 फीसदी की तेजी देखी गयी। इटरनल का शेयर 5.90 फीसदी, बजाज फाइनेंस का 2.20, पावरग्रिड का 2.10, ट्रेंट का 1.91 और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.60 प्रतिशत चढ़ा।
अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.41 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व में 1.33, टीसीएस में 1.31, अडानी पोर्ट्स में 1.28, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.16 और टेक महिंद्रा में 0.99 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
एशियन पेंट्स का शेयर 4.34 प्रतिशत लुढ़क गया। मारुति सुजुकी में 2.39 प्रतिशत, सनफार्मा में 1.78 प्रतिशत और इंफोसिस में 1.01 प्रतिशत की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारती एयरटेल, टाइटन और इंडिगो के शेयर भी नीचे रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित