ऑकलैंड , जून 15 -- भारतीय महिला टीम ने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप के पूल ए के शुरुआती मैच में दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए अमेरिका को 3-2 से हराया।
नॉर्थ हार्बर हॉकी सेंटर में रविवार को खेले गये मुकाबले में भारत के लिए दीपिका ने दो गोल किए और नवनीत कौर ने एक गोल किया, जबकि अमेरिका के लिए एशले सेसा और मैडलिन जिमर ने गोल किए। दो गोल के साथ भारतीय टीम में शानदार वापसी करने वाली दीपिका को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।
अमेरिका ने शानदार शुरुआत की और एशले सेसा ने (चौथे) मिनट में मैदानी गोल करके खाता खोला। अमेरिकियों ने तीन मिनट बाद ही अपनी बढ़त दोगुनी कर दी, जब मैडलिन जिमर ने (सातवें) मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत पर शुरुआती दबाव बना दिया।
दो गोल से पिछड़ने के बाद, भारत ने धीरे-धीरे अटैक में अपनी पकड़ बनानी शुरू की। उनकी कोशिशें दूसरे क्वार्टर में रंग लाईं, जब ड्रैग-फ्लिक स्पेशलिस्ट दीपिका ने (17वें ) मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अंतर कम किया और भारत को खेल में वापस लाईं। भारत को इस क्वार्टर के बीच में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। दीपिका ने (24वें ) मिनट में एक बार फिर मोर्चा संभाला और एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।
भारत ने दबाव बनाए रखा और हाफटाइम से पहले शानदार वापसी पूरी की। नवनीत कौर ने (28वें ) मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच में पहली बार भारत को बढ़त दिलाई, जिससे टीम 3-2 की बढ़त के साथ ब्रेक में गई।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच गोल करने के लिए कड़ी टक्कर हुई। मैच के दौरान दोनों टीमों को छह-छह पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन किसी भी टीम के डिफेंस ने बाकी दो क्वार्टर में और कोई गोल नहीं होने दिया। भारत ने आखिरी पलों में अपनी बढ़त बनाए रखी और तीनों अंक हासिल करते हुए नेशंस कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। इस जीत के बाद, भारत तीन अंकों के साथ पूल ए में दूसरे स्थान पर आ गया है। जापान भी इतने ही अंकों के साथ बराबरी पर है, लेकिन गोल अंतर के आधार पर वह तालिका में सबसे आगे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित