पटना , मार्च 13 -- बिहार युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने शुक्रवार को कहा कि एप्सटीन फाइल्स का खुलासा रोकने और अडानी को मुकदमे से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने देश की संप्रभुता गिरवी रख दी है।
श्री दास ने कहा कि यौन अपराधी एप्सटीन का नाम छोटी बच्चियों के यौन शोषण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि एप्सटीन फाइल्स के खुलासों से दुनिया भर में हड़कंप है। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश के लिए शर्म की बात ये है कि एप्सटीन फाइल्स में हमारे देश के शीर्ष नेताओं के साथ उद्योगपति अनिल अंबानी का नाम भी शामिल हैं।
कांग्रेस के नेता ने कहा कि उद्योगपति गौतम अडानी पर अमेरिकी अदालत में मुकदमे चल रहे हैं और मोदी सरकार अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए अडानी को अमेरिकी अदालत के नोटिस नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इन्हीं स्थितियों का फायदा उठाते हुए भारत के साथ ब्लैकमेल करना शुरू किया और उस पर ट्रेड डील थोप दी गई। उन्होंने कहा कि एप्सटीन फाइल्स के खुलासों को रोकने और अडानी को अमेरिकी अदालतों से बचाने के लिए देश के किसानों और देश की संप्रभुता की बली दे दी गई।
श्री दास ने कहा कि इस ट्रेड डील से भारत का कृषि बाजार अमेरिका के लिए खुल जाएगा। इस ट्रेड डील से भारत के उत्पादों पर अमेरिका 18 प्रतिशत टैक्स वसूलेगा जबकि भारत में आने वाले उसके उत्पादों पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। जाहिर है उनके उत्पाद भारत में बहुत सस्ते होंगे और इन उत्पादों के सामने भारतीय उत्पाद महंगे होंगे।
गरीब दास ने आरोप लगाया कि इस ट्रेड डील से 140 करोड़ भारतीयों का डाटा अमेरिका को सौंपा जाएगा। जो कि देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित