दरभंगा , जुलाई 15 -- भारत में रेबीज की रोकथाम, नियंत्रण और उन्मूलन के लिए कार्यरत एसोसिएशन फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ रेबीज इन इंडिया (एपीसीआरआई) का 26वां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन "एपीसीआरआईकॉन-2026" आगामी 18 एवं 19 जुलाई को दरभंगा में आयोजित किया गया है।सम्मेलन के आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. डॉ. चित्तरंजन रॉय तथा आयोजन सचिव डॉ. विजय कुमार चौधरी ने देशभर के विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों से सम्मेलन में भाग लेकर रेबीज उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान को सशक्त बनाने का आह्वान किया है। सम्मेलन का विषय "वन हेल्थ एप्रोच : टीकाकरण के माध्यम से रेबीज उन्मूलन" रखा गया है। इसका उद्देश्य मानव एवं पशु दोनों में प्रभावी टीकाकरण रणनीतियों के माध्यम से रेबीज उन्मूलन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों के बीच समन्वय को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में विशेषज्ञ रेबीज उन्मूलन की दिशा में "वन हेल्थ" अवधारणा को मजबूत करने तथा टीकाकरण आधारित रणनीतियों पर व्यापक मंथन करेंगे।

सम्मेलन में देशभर से सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, चिकित्सक, शिक्षाविद, शोधकर्ता, पशु चिकित्सक, कार्यक्रम प्रबंधक तथा स्नातकोत्तर छात्र भाग लेंगे। दो दिवसीय आयोजन के दौरान मुख्य व्याख्यान, पूर्ण सत्र, पैनल चर्चा, मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुति सहित विभिन्न वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से अकादमिक विचार-विमर्श, नीति निर्माण तथा क्षमता विकास को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित