नयी दिल्ली , जून 19 -- केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत, कृषि एवं पर संस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने इटली के लिए उत्तराखंड की ताज़ा लीची की पहली खेप के निर्यात में मदद की है। मंत्रालय की शुक्रवार को विज्ञप्ति के अनुसार एक टन प्रीमियम लीची की इस खेत का निर्यात 18 जून को देहरादून से किया गया।

मंत्रालय ने कहा यह उपलब्धि यूरोपीय बाज़ार में उत्तराखंड की प्रीमियम लीची के प्रवेश को दर्शाती है और भारत के उच्च-गुणवत्ता वाले ताज़े फलों की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता को दिखाती है।

विज्ञप्ति के अनुसार ताज़ी लीची वाली इस पहली खेप को इटली में किया गया निर्यात उत्तराखंड के बागवानी क्षेत्र की निर्यात क्षमता को दर्शाता है। सरकार को उम्मीद है कि यह खेप अंतरराष्ट्रीय ताज़े फलों के बाज़ार में भारत की मौजूदगी को मज़बूत करेगी और साथ ही हिमालयी क्षेत्र के प्रीमियम उत्पादों को बढ़ावा देगी।यह शिपमेंट एपीडा, उत्तराखंड सरकार, निर्यातक समुदाय, किसान उत्पादक संगठनों (कई एफ पी ओ), लॉजिस्टिक्स फर्मों और अन्य संबंधित पक्षों के आपसी सहयोग से संभव हुआ। यह पहल दिखाती है कि भारतीय कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने में पूरी वैल्यू चेन में सहयोग कितना महत्वपूर्ण है।

उत्तराखंड की लीची का इटली को निर्यात भारत के ताजे फलों के निर्यात के लिए नए बाजार खोजने की दिशा में एक बड़ा कदम है और यह प्रीमियम बागवानी उत्पादों के भरोसेमंद सप्लायर के तौर पर देश की साख को और मजबूत करता है।

मंत्रालय ने कहा है कि एपीडा बाजार विकसित करने की पहलों, क्वालिटी सुनिश्चित करने के तरीकों, इंफ्रास्ट्रक्चर में मदद और क्षमता बढ़ाने वाले कार्यक्रमों के जरिए भारत के कृषि-निर्यात एजेंडे को आगे बढ़ा रहा है। इन सबका मकसद किसानों की पहुंच ऊंचे मूल्य वाले अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बढ़ाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित