वॉशिंगटन , जनवरी 31 -- अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों का विशाल जखीरा जारी किया। इसमें 30 लाख से अधिक पृष्ठों के रिकॉर्ड, 2,000 से अधिक वीडियो और 1,80,000 तस्वीरें शामिल हैं। इस खुलासे ने माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स सहित कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों से जुड़े उन दावों को फिर से हवा दे दी है जिनका सत्यापन नहीं हो पाया था। ।

इन दस्तावेजों में एपस्टीन के कथित तौर पर लिखे गये ईमेल का प्रारूप शामिल हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि एपस्टीन के निजी द्वीप 'लिटिल सेंट जेम्स' की यात्रा के दौरान बिल गेट्स 'रूसी लड़कियों' के जरिये एक यौन संचारित रोग (एसटीडी) की चपेट में आ गये थे।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की निगरानी समिति के डेमोक्रेटिक सदस्यों के जांच के हिस्से के रूप में जारी की गयी तस्वीरों में एक होटल गेट्स अलग-अलग मौकों पर अलग-अलग कई युवतियों के साथ दिख रहे हैं। जारी इन तस्वीरों में युवतियों का चेहरा छिपा दिया गया है।

इन दस्तावेजों से एपस्टीन से जुड़े सामाजिक कार्यक्रमों का भी पता चलता हैं। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी की मां मीरा नायर की फिल्म 'अमेलिया' के 2009 के प्रीमियर के बाद दोषी यौन तस्कर गिस्लेन मैक्सवेल के घर पर एक 'आफ्टर-पार्टी' आयोजित की गयी थीं। प्रचारक पेगी सीगल ने 21 अक्टूबर 2009 को एपस्टीन को भेजे ईमेल में इसका उल्लेख किया है। इस पार्टी में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस और अन्य लोग शामिल थे। सीगल ने फिल्म की प्रतिक्रिया को 'निराशाजनक' बताया और कहा कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने इसका अधिक आनंद लिया।

यह खुलासा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस कानून पर नवंबर 2025 में हस्ताक्षर किये जाने के बाद हुआ है, जिसके तहत एक महीने के भीतर एपस्टीन से संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक करना आवश्यक था। इसमें फाइलों में उल्लिखित शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों के नामों का खुलासा करना भी शामिल था।

जुलाई 2019 में एपस्टीन ने आत्महत्या कर ली थी। उस पर नाबालिगों की यौन तस्करी और ऐसी तस्करी करने की साजिश का आरोप था। अभियोजकों का आरोप था कि 2002 और 2005 के बीच दर्जनों कम उम्र की लड़कियों का यौन शोषण किया। इनमें से कुछ को उसने नकद भुगतान किया और अन्य का उपयोग और पीड़ितों को भर्ती करने के लिए किया, जिनमें से कुछ की उम्र मात्र 14 वर्ष थी।

यह खुलासे 'एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट' के तहत अनिवार्य किए गए हैं, जिसके अनुसार न्याय विभाग को दिवंगत दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन और उसकी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल से संबंधित सभी रिकॉर्ड 19 दिसंबर तक प्रस्तुत करने थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित