मुंबई , सितंबर 17 -- टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन फरवरी 2027 के बाद भी टाटा संस के चेयरमैन बने रहेंगे। निदेशकमंडल ने गुरुवार को हुई बैठक में मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें और पांच साल के लिए नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी।

इससे पहले श्री चंद्रशेखरन ने 12 अगस्त को निदेशकमंडल को सूचित किया था कि उन्होंने 20 फरवरी 2027 को अपना मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद पुनर्नियुक्ति के लिए अपना नाम विचार के लिए नहीं रखने का निर्णय लिया है। इससे पहले 24 फरवरी 2026 की निदेशकमंडल की बैठक में एक सदस्य के समर्थन न देने के कारण उनका कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव खारिज हो गया था। उनका फरवरी 2027 के बाद पद छोड़ने का फैसला इसी परिप्रेक्ष्य में था।

टाटा संस ने गुरुवार को एक मीडिया बयान में कहा, "17 सितंबर 2026 को निदेशक की बैठक में चंद्रा (चंद्रशेखरन) ने अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के निदेशकमंडल के अनुरोध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद बोर्ड ने बहुमत से प्रस्ताव पारित किया कि उनका मौजूदा कार्यकाल खत्म होने पर उन्हें अगले पांच साल के लिए कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त किया जाए।"गौर करने वाली बात यह है कि आज की बैठक में भी निदेशकमंडल ने प्रस्ताव बहुमत से पारित किया है, सर्वसम्मति से नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित