चेन्नई , अगस्त 16 -- पीएमके अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. अंबुमणि रामदास ने तमिलनाडु के एन्नोर मुहाने के पास कोसास्थलियार नदी में भारी मात्रा में मछलियों के मृत पाए जाने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे समुद्र में रासायनिक कचरा प्रवाहित किये जाने का नतीजा बताया और मामले की विस्तृत जांच की मांग की।
श्री अंबुमणि ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि मरी हुई मछलियों से आ रही बदबू पूरे इलाके में फैल गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की चिंता बढ़ गई है। चेन्नई के उत्तरी उपनगर एन्नोर इलाके के मछुआरे इस बात से हैरान और बहुत चिंतित हैं।
आरोप हैं कि इलाके में चल रहे थर्मल पावर प्लांट और तेल रिफाइनरियों से समुद्र में छोड़े गए रासायनिक कचरे के कारण मछलियों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि कचरा प्रवाहित करने वाली कंपनियों की हरकतें और इसे रोकने में नाकाम रहने वाले अधिकारियों की लापरवाही निंदनीय है।
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि ने कहा कि कोसास्थलियार नदी में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने और उनके पानी की सतह पर तैरने की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, फिर भी सरकार और अधिकारी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाने में नाकाम रहे हैं जो कि अस्वीकार्य है।
इस इलाके की एक सीफ़ूड-प्रसंस्करण संयंत्र में अमोनिया गैस लीक होने से 18 प्रवासी मज़दूरों की मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अगर उस हादसे के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण अधिकारियों ने ज़्यादा सावधानी बरती होती, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
एन्नोर इलाके में मछुआरों की आजीविका का एक मुख्य साधन कोसास्थलियार नदी में मछली पकड़ना है। चूंकि बड़ी संख्या में मछलियां मरकर तैर रही हैं इसलिए अगले कुछ हफ़्तों तक इस इलाके में मछली पकड़ना नामुमकिन हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए।
मछलियों की मौत की विस्तृत जांच की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार कंपनियों की पहचान की जानी चाहिए, उनसे जुर्माना वसूला जाना चाहिए और वह पैसा प्रभावित मछुआरों को मुआवजे के रूप में दिया जाना चाहिए।
उन्होंने इलाके में संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए नदी में तैर रही मरी हुई मछलियों को तुरंत हटाने की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित