बैतूल , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के बैतूल में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जयवंती हॉक्सर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी सीनियर डिवीजन (गर्ल्स) भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण शनिवार को संपन्न हो गया। शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के आधार पर 65 छात्राओं का चयन किया गया है। अंतिम चयन सूची प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में प्रथम वर्ष की बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। चयन के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप 1200 मीटर दौड़ और ऊंचाई परीक्षण कराया गया। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सामान्य ज्ञान, सामान्य गणित और सामान्य विज्ञान विषयों पर लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

पूरी चयन प्रक्रिया पांच एमपी गर्ल्स बटालियन, नर्मदापुरम के नायक आदिल बट्ट और हवलदार संजय कुमार के मार्गदर्शन में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। भर्ती के दौरान एनसीसी अधिकारी सीटीओ कृष्णा गौसर, सीनियर अंडर ऑफिसर किरण धुर्वे, अंडर ऑफिसर सपना उइके, अंडर ऑफिसर अनुसुईया धुर्वे, सार्जेंट शिवानी जीजोते, सार्जेंट सोनम नर्रे तथा एनसीसी बॉयज़ विंग के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. खुशाल देवघरे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कि प्रथम चरण में 65 छात्राओं का चयन किया गया है। अंतिम चयन सूची आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद महाविद्यालय के सूचना पटल, एनसीसी विभाग के सूचना बोर्ड और महाविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का प्रभावी मंच है। एनसीसी अधिकारियों ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनसे प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित