चंडीगढ़ , जून 16 -- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (एनसीआर प्लानिंग बोर्ड) की 42वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा तथा राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री झाबर सिंह खर्रा शामिल हुए।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि एनसीआर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की वर्तमान सीमा में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और मौजूदा क्षेत्रीय दायरा बरकरार रहेगा।
बैठक में रीजनल प्लान-2041 पर भी चर्चा हुई, जिसमें एनसीआर के भविष्य के विकास, शहरी नियोजन, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा सतत विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
रीजनल प्लान-2041 को अंतिम रूप देने के लिए केंद्र सरकार तथा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उप-समिति गठित की गई है। यह समिति 15 अगस्त 2026 तक अपनी अंतिम रिपोर्ट बोर्ड को सौंपेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की अगली बैठक दिसंबर 2026 में गुरुग्राम में आयोजित होगी। बैठक में आरआरटीएस (रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम) के साथ चार नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। सभी सदस्य राज्य एक-एक नए ग्रीनफील्ड शहर की विकास योजना प्रस्तुत करेंगे। 'नमो सिटी' नाम से विकसित होने वाले ये शहर आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर शहरी केंद्रों के रूप में तैयार किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित