फगवाड़ा , जून 16 -- पंजाब में फगवाड़ा सीट के कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने राज्य में लगातार बढ़ रही नशे की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े और ओवरडोज से हो रही मौतें राज्य सरकार के 'नशों के खिलाफ युद्ध' अभियान की वास्तविकता को उजागर कर रही हैं।
श्री धालीवाल ने कहा कि पिछले 48 घंटों के दौरान जालंधर और जीरा क्षेत्र में तीन युवाओं की नशे की ओवरडोज से मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने पंजाब सरकार के नशा मुक्त पंजाब के दावों पर सवाल खड़े कर दिये हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वर्ष 2024 में नशे की ओवरडोज से 139 लोगों की मौत हुई, जबकि वर्ष 2023 में यह संख्या 106 थी। इसके अलावा वर्ष 2025 के पहले चार महीनों में ही 34 लोगों की मौत ओवरडोज के कारण होने की जानकारी सामने आई है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाती है।
उन्होंने पंजाब सरकार से नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने, युवाओं के लिए प्रभावी पुनर्वास कार्यक्रम लागू करने तथा नशे से होने वाली मौतों के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता जानना चाहती है कि आखिर कितनी और जानें जाने के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित