भुवनेश्वर , अक्टूबर 27 -- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने भुवनेश्वर में संपन्न हुए 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) कॉन्फ्रेंस और एक्सपो 2026 में लगातार दूसरे वर्ष सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक ''बेस्ट एग्जीबिटर' का पुरस्कार जीता है।
निगम को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं और यात्रियों की संतुष्टि के लिए भी सराहना मिली है, जो सार्वजनिक परिवहन को बदलने में क्षेत्रीय त्वरित परिवहन की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।
अक्टूबर 2023 में चरणबद्ध तरीके से परिचालन शुरू होने के बाद से, नमो भारत कॉरिडोर पर 4.8 करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की गयी हैं और वर्तमान में यहां प्रतिदिन 1.1 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। इस कॉरिडोर पर एक दिन में अब तक की सर्वाधिक 1.68 लाख से अधिक यात्रियों की संख्या दर्ज की गई है, जो दैनिक यात्रा के लिए क्षेत्रीय रेल को अपनाने की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इस कॉरिडोर को प्रभावी परियोजना क्रियान्वयन के एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने समय-सीमा का पालन करने और 160 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति के लिए इसकी प्रशंसा की। उन्होंने ट्रेन सेवा की 99.9 प्रतिशत समयबद्धता पर भी विशेष जोर दिया।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर ने दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर दिया है, जिससे यात्रियों के लिए क्षेत्रीय यात्रा अधिक सुविधाजनक हो गयी है। इसके आरामदायक, वातानुकूलित कोच, समयबद्ध सेवाएं, आधुनिक स्टेशन और सुविधाजनक इंटरचेंज सुविधाएं उन लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाती हैं जो काम, शिक्षा, व्यवसाय या अन्य उद्देश्यों से यात्रा करते हैं। यह सेवा सड़क मार्ग से यात्रा करने का एक बेहतर विकल्प भी प्रदान करती है, खासकर भारी यातायात जाम या खराब मौसम के दौरान। मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और सिटी बस सेवाओं सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों के साथ इसका जुड़ाव पूरे क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाता है।
इस कॉरिडोर की एक प्रमुख विशेषता एक ही बुनियादी ढांचे पर मेरठ मेट्रो सेवाओं का एकीकरण है। यह पहल शहरी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करती है और साथ ही परिवहन सुविधाओं का अधिक कुशल उपयोग सुनिश्चित करती है। अपनी यात्री सेवाओं के लिए मिली पहचान को और बढ़ाते हुए निगम ने यूएमआई 2026 में प्रदर्शनी श्रेणी में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। इसकी प्रदर्शनी में दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के विकास और क्षेत्रीय आवागमन को बदलने में इसके योगदान को दर्शाया गया।
इस प्रदर्शनी में कॉरिडोर के आधुनिक बुनियादी ढांचे, उन्नत तकनीकों, मल्टीमॉडल एकीकरण और पारगमन उन्मुख विकास (टीओडी) पहलों को उजागर किया गया। इसमें कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और एक अधिक एकीकृत तथा सुलभ सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को समर्थन देने में नमो भारत की भूमिका को भी प्रस्तुत किया गया।
इस उपलब्धि के साथ निगम ने लगातार दूसरे वर्ष यूएमआई में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक का पुरस्कार जीता है। इससे शहरी परिवहन नवाचार और टिकाऊ मोबिलिटी के राष्ट्रीय मंच पर इसकी उपस्थिति और मजबूत हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित