नयी दिल्ली , दिसंबर 19 -- राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (एनबीए) ने आंध्र प्रदेश वन विभाग को बहुमूल्य लाल चंदन के संरक्षण और अनुसंधान के लिए 14.88 करोड़ रुपये जारी किये हैं।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा बताया कि लाल चंदन के संरक्षण और अनुसंधान के लिए अब तक एनबीए ने आंध्र प्रदेश को 104 करोड़ रुपये से अधिक और अन्य राज्यों - तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा और तेलंगाना को 15 करोड़ रुपये से अधिक राशि जारी की है। लाल चंदन आंध्र प्रदेश के अनंतपुर, चित्तूर, कडपा, प्रकासम और कुरनूल जिलों में ही पाया जाता है।
मंत्रालय के अनुसार लाल चंदन क्षेत्र जीन बैंक की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है और उत्कृष्ट संसाधनों से प्राप्त बीजों को स्थानीय संरक्षण के लिए जमा किया जा रहा है। लाल चंदन की छाल और लकड़ी से साबुन, क्रीम, लिप केयर और लकड़ी की कोटिंग जैसे उत्पादों को भी बनाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित