यमुनानगर , अगस्त 28 -- रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नेशनल पब्लिक स्कूल (एनपीएस) यमुनानगर के विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।
स्कूल के विद्यार्थियों का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल नयी दिल्ली में राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के निवास पर पहुंचा। वहां छात्रों ने उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए राखी बांधी और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद ने बच्चों के इस स्नेह से अभिभूत होकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया और उनके इस प्रयास की सराहना की।
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार दिल्ली यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के पारंपरिक संदेश को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए एक अनूठी हरित पहल भी की। छात्रों ने वृक्षों को रक्षासूत्र बांधकर पर्यावरण एवं पेड़-पौधों की रक्षा का संकल्प लिया। छात्रों ने कहा कि जिस प्रकार राखी भाई-बहन के बीच सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी प्रकार हमें पेड़ों की भी रक्षा करनी चाहिए, क्योंकि पेड़ ही हमारे जीवन के असली रक्षक हैं।
श्री सिंह ने विद्यार्थियों की इस सोच की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय मेंबच्चों में पर्यावरण के प्रति इस तरह की जागरूकता देखना सुखद है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल समाज को सकारात्मक दिशा देती है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नेशनल पब्लिक स्कूल अपने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कारों और मूल्यों के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों की यह पहल रक्षाबंधन की परंपरा को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित