हैदराबाद , दिसंबर 22 -- राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के मुख्य सलाहकार मेजर जनरल सुधीर बहल ने सोमवार को हैदराबाद के एकीकृत कमान नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) से बाढ़ की तैयारियों को लेकर तेलंगाना के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर समीक्षा की।

मेजर जनरल बहल ने बाढ़ की स्थितियों में किए जाने वाले अभ्यास के अनुसार तैयारी के उपायों एवं परिचालन उपायों पर जिलाधिकारियों के साथ बातचीत की।

वारंगल, कामारेड्डी, निर्मल, खम्मम और हनमकोंडा के जिलाधिकारियों ने उन्हें बाढ़ के दौरान जनता को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने और चिकित्सा शिविरों की स्थापना के लिए किए गए प्रबंधों के बारे में जानकारी दी।

मेजर जनरल ने जिलों में आयोजित किए जा रहे बाढ़ की तैयारियों में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले एनसीसी और आपदा मित्र स्वयंसेवकों की लामबंदी और निकासी टीमों की तैनाती की समीक्षा की।

मेजर जनलर ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि बाढ़ के दौरान सभी व्यवस्थाएं घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) और एनडीएमए के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएं।

मुख्य सलाहकार ने ड्रोन के उपयोग का भी सुझाव दिया ताकि उन संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान एवं निगरानी की जा सके जहां बाढ़ के दौरान लोग फंस सकते हैं। उन्होंने तैयारियों पर जोर देते हुए जिलाधिकारियों को अपने संबंधित जिलों में नियमित रूप से मॉक अभ्यास आयोजित करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित