वाराणसी , जून 13 -- काशी में गंगा नदी के मणिकर्णिका घाट के पास पिकेट ड्यूटी के दौरान 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने शनिवार को एक युवक को स्नान करते समय गहरे पानी में डूबते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निकट तैनात एनडीआरएफ के बचावकर्मी तत्काल सक्रिय हुए और बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर युवक को डूबने से बचा लिया।
एनडीआरएफ टीम ने लाइफ बॉय की सहायता से युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी तट पर पहुंचाया। बचाए गए युवक की पहचान पुनीत शर्मा (28), पुत्र विवेक शर्मा, निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई। समय रहते किए गए इस त्वरित बचाव अभियान से उसकी जान बचाई जा सकी।
एनडीआरएफ द्वारा किए गए इस साहसिक बचाव कार्य को वाराही घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और बचाव दल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर एनडीआरएफ की तत्परता, दक्षता एवं जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने आमजन से अपील की कि वे नदियों एवं अन्य जलाशयों में स्नान अथवा अन्य गतिविधियों के दौरान जल सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने, चेतावनी संकेतों पर ध्यान देने तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही डूबने की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित