नयी दिल्ली , मई 18 -- देश के अग्रणी बिजली उत्पादक समूह एनटीपीसी ने झारखंड में समूह की पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड कंपनी द्वारा विकसित किये जा रहे बिजली घर की 800 मेगावाट क्षमता की दूसरी इकाई में उत्पादन का परीक्षण पूरा कर लिया है और यह पूरी तरह सफल रहा है।
एनटीपीसी ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि इसके साथ ही समूह की कुल स्थापित क्षमता 90 गीगावाट (90,000 मेगा वाट) को पार कर गयी है। पतरातू बिजली घर में आठ-आठ सौ मेगावाट क्षमता की फिलहाल कुल तीन इकाइयां स्थापित की जानी है। कंपनी ने कहा है, ' यह उपलब्धि देश के लिए एक स्वस्थ और ऊर्जा की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।'पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की स्थापना 15 अक्टूबर, 2015 को हुई थी। इसमें एनटीपीसी लिमिटेड 74 प्रतिशत की हिस्सेदार है। शेष 26 प्रतिशत हिस्सा झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के पास है। कंपनी नई तकनीकों और संसाधनों के इष्टतम उपयोग , कुशल और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से विश्वसनीय और किफायती बिजली प्रदान करने की प्रतिबद्धता के साथ स्थापित की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित