नयी दिल्ली , मार्च 19 -- सरकारी क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटल ऊर्जा प्लेटफॉर्म के क्षेत्र में अग्रणी ऑक्टोपस एनर्जी ग्रुप के साथ ऊर्जा क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए है।

इस समझौते का उद्देश्य बिजली वितरण और खुदरा कारोबार, नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग अवसंरचना, डिजिटल ऊर्जा प्लेटफॉर्म, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास तथा क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों की पहचान, मूल्यांकन और क्रियान्वयन करना है।

एनटीपीसी की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राजधानी में चल रहे भारत विद्युत शिखर सम्मेलन- 2026 के पहले दिन यह करार हुआ। विद्युत उद्योग पर यशोभूमि में आयोजित यह सम्मेलन और प्रदर्शनी 19 से 22 मार्च तक चलेगी। इसका आयोजन केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित