नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 4,987 करोड़ रुपये का शुद्ध एकल लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर 5.85 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी के निदेशक मंडल ने शुक्रवार को वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की। इस दौरान उसका कुल राजस्व 1.49 प्रतिशत घटकर 41,673 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि मुख्य रूप से ईंधन की लागत में कमी से उसका कुल व्यय कम हुआ और मुनाफे में वृद्धि दर्ज की गयी।

एनटीपीसी ने बताया कि ऊर्जा उत्पादन से प्राप्त राजस्व में कमी आयी है जबकि अन्य मदों से प्राप्त राजस्व बढ़ा है।

तिमाही के दौरान कंपनी का बिजली उत्पादन 4.37 प्रतिशत घटकर 87.26 अरब यूनिट रह गया। इसमें वाणिज्यिक उत्पादन 87.251 अरब यूनिट रहा। उसके कोयला संयंत्रों में दक्षता (पीएलएफ) में कमी आई और यह 4.95 प्रतिशत घटकर 71.03 प्रतिशत रह गयी। गैस, सौर और जल विद्युत संयंत्रों की दक्षता बढ़कर क्रमशः 4.46 प्रतिशत, 21.16 प्रतिशत और 27.21 प्रतिशत पर पहुंच गयी।

कोयला संयंत्रों की उपलब्धता 90.80 प्रतिशत, गैस संयंत्रों की 94.40 प्रतिशत और जल विद्युत संयंत्रों की 98.96 प्रतिशत रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित