भागलपुर , जुलाई 28 -- िहार में भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) की विधुत परियोजना के 210 मेगावाट वाले दूसरी इकाई में मंगलवार को अचानक आग लग गई।आधिकारिक सूत्रों ने आजयहां बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर उक्त इकाई (यूनिट-2) को बंद कर दिया गया है। इस परियोजना की सात इकाईयों में से एक इकाई के बंद होने से कुल विधुत उत्पादन में कमी आई है।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को इस परियोजना के प्रथम चरण अंतर्गत दो सौ दस मेगावाट वाली दूसरी इकाई के ब्यालर से जुड़े तेल पाइपलाइन में अचानक आग लग गई और तेजी से फैलने लगी।मौके पर कार्यरत अधिकारियों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित करने के बाद अग्निशमन दस्ते की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

सूत्रों ने बताया कि इस हादसे के बाद दो सौ दस मेगावाट वाले दूसरी इकाई के परिचालन को बंद किया गया है। हादसे का कारण संभवतः तेल पाइपलाइन में लिकेज होना बताया जा रहा है।हालंकि परियोजना प्रबंधन की ओर से एक जांच टीम गठित कर दी गई है।

सूत्रों ने बताया कि उक्त टीम हादसे के विभिन्न बिन्दुओं पर जांच पड़ताल करेगी। फिलहाल इस परियोजना की अन्य सभी छह इकाईयों का परिचालन सामान्य रुप से चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित