, Aug. 8 -- भागलपुर ,08 अगस्त वार्ता। बिहार के भागलपुर जिले में राष्ट्रीय ताप विद्युत् निगम (एनटीपीसी), कहलगाँव अपने आसपास के गाँवों से आने वाले 80 युवाओं को प्लास्टिक प्रोसेसिंग एवं रिसाइक्लिंग के क्षेत्र में प्लेसमेंट-लिंक्ड कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय ताप विद्युत् निगम (एनटीपीसी), कहलगाँव ने आज इस काम के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीपेट) भागलपुर के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया।

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल से सुसज्जित करना है, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हों। यह पहल युवाओं को स्थायी रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख रविंद्र शर्मा, एवं अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), मनोरंजन सारंगी एवं संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख, सीआईपीईटी भागलपुर अवीत लाकड़ा की उपस्थिति में इस एमोयू पर हस्ताक्षर हुए।

एनटीपीसी की यह पहल स्थानीय समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ना न केवल उनके भविष्य को सशक्त करेगा, बल्कि क्षेत्र में सतत आजीविका एवं समावेशी विकास को भी बढ़ावा देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित